नारायणपुर (प्रदीप जांगिड़): अवैध खनन के खिलाफ नारायणपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बिना नंबरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी रोहिताश कुमार ने बताया कि यह कार्यवाही महानिरीक्षक जयपुर रेंज और जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देश पर अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
24 जुलाई को गश्त के दौरान पुलिस टीम ने सैनी छात्रावास, बिलाली रोड से अवैध पत्थरों से भरे एक बिना नंबरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवाकर जब्त कर लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक विक्रम गुर्जर पुत्र चेतराम गुर्जर (28) साल, निवासी धाबाई की ढाणी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस, एमएमडीआर और एमएमसीआर एक्ट में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। थानाधिकारी ने बताया कि अवैध खनन की सूचना वन विभाग को भी दे दी गई है। अवैध खनन के खिलाफ कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।