सीकर (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने मंगलवार को शहर के विभिन्न जलभराव एवं कीचड़ प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर मोदी ने नवलगढ़ रोड, सबलपुरा, भढ़ाढर, नानी तिराहा, सर्किट हाउस के सामने, रेलवे अंडरपास, पिपराली रोड़ तथा गोकुलपुरा तिराहा क्षेत्र का निरीक्षण कर वर्षा के कारण उत्पन्न जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल निकासी व्यवस्था, जलभराव के कारणों एवं अब तक किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा कीचड़ की तत्काल सफाई कर आमजन की आवाजाही सुचारु रखी जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जलभराव की समस्या का प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने, आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने तथा जनसुरक्षा एवं नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जलभराव की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर भी जोर दिया।निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) भावना शर्मा, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, उपखंड अधिकारी सीकर सुशील कुमार सैनी, नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा, अधीक्षण अभियन्ता पीडब्ल्यूडी, अधिशाषी अभियंता अनिता, एसई विद्युत विभाग सुभाष चन्द देवन्दा, नगर परिषद अधिशाषी अभियंता प्रवीण कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी साथ रहें।
जिला कलेक्टर ने शहर में जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का किया सघन निरीक्षण
By -
July 22, 2026
0
Tags: