झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): सावन की हरियाली, राजस्थान की लोक संस्कृति, रंग-बिरंगे लहरिया परिधान और महिलाओं की उमंग... इन सभी का अनूठा संगम इस बार 'लहरिया-2026' में देखने को मिलेगा। स्त्री शक्ति समूह की ओर से 1 अगस्त को झुंझुनूं जिला मुख्यालय स्थित निजी रिसोर्ट में इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और आयोजन समिति इसे पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य एवं यादगार बनाने में जुटी हुई है। हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम में राजस्थान की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत और सावन के उल्लास को जीवंत रूप दिया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे पारिवारिक जिम्मेदारियों से कुछ समय निकालकर अपनी संस्कृति, परंपराओं और आपसी आत्मीयता का उत्सव मना सकें। कार्यक्रम में महिलाएं केवल लहरिया साड़ी ही नहीं, बल्कि लहरिया लहंगा-चुन्नी, सूट एवं अन्य पारंपरिक परिधानों में भी शामिल होंगी। रंग-बिरंगे परिधानों से पूरा आयोजन स्थल सावन के रंगों से सराबोर नजर आएगा। पारंपरिक लोकगीतों और आधुनिक संगीत के बीच महिलाएं उत्साह के साथ इस उत्सव का आनंद लेंगी। करीब तीन से चार घंटे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में जयपुर से आने वाले डीजे की धुनों पर महिलाएं जमकर झूमेंगी। आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण 'फ्लोर डांस इन लहरिया' रहेगा, जहां पारंपरिक परिधानों में महिलाएं सामूहिक रूप से नृत्य कर सावन के उत्साह को यादगार बनाएंगी। इसके अलावा मनोरंजन के लिए विभिन्न रोचक गतिविधियां और फन गेम्स भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन की तैयारियों में महिला शक्ति समूह की अनेक सदस्य सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं।
3/related/default