सीएलजी सदस्यों के सुझावों से मजबूत होगी सामुदायिक पुलिसिंग: जयपुर पुलिस आयुक्त

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर: जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने शुक्रवार को नगर निगम सभागार (पुराना पीएचक्यू) में माणकचौक, रामगंज एवं सुभाष चौक थाना क्षेत्रों के सीएलजी सदस्यों के साथ बैठक कर सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की। बैठक में नशा मुक्ति अभियान, साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं कानून व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

*नशे के विरुद्ध जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान*

पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने कहा कि राज्य सरकार एवं जयपुर पुलिस आयुक्तालय द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना हेल्पलाइन 14446 एवं 1933 पर देकर इस अभियान में सहभागी बनें। उन्होंने नशे के व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक जनजागरूकता फैलाने पर बल दिया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि आमजन की सक्रिय भागीदारी से अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयुक्तालय क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध आमजन की सहभागिता बढ़ाने के लिए जयपुर पुलिस ने व्हाट्सएप नंबर 8764866939 जारी किया है। इस नंबर पर मादक पदार्थों से संबंधित कोई भी सूचना साझा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा प्रत्येक सूचना का सत्यापन कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। 

*साइबर अपराधों से बचाव की दी महत्वपूर्ण जानकारी*

बैठक में साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर चर्चा करते हुए पुलिस आयुक्त मित्तल ने साइबर हेल्पलाइन 1930, राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल, मोबाइल गुम होने एवं साइबर धोखाधड़ी से संबंधित विभिन्न सरकारी पोर्टलों की जानकारी दी। आयुक्त मित्तल ने बताया कि प्रदेश में अब ₹ 1 लाख या उससे अधिक की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत पर ई-जीरो एफआईआर (e-Zero FIR) स्वतः दर्ज होगी। साथ ही, ई-ज़ीरो एफआईआर की प्रक्रिया समझाते हुए लोगों से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। इस दौरान सीएलजी सदस्यों ने नियमित मोहल्ला बैठकें आयोजित करने, सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन सहित विभिन्न आवश्यक सुझाव भी दिए। साथ ही, सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र के विभिन्न विषयों, अपराध नियंत्रण एवं पुलिस-जन सहयोग को लेकर अपने सुझाव साझा किए। बैठक में पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल, सहायक पुलिस आयुक्त माणक चौक पियूष कविया, सहायक पुलिस आयुक्त रामगंज सहित संबंधित थाना अधिकारी एवं बड़ी संख्या में सीएलजी सदस्य, जिनमें महिला सदस्य भी शामिल रहीं, उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!