अंतराष्ट्रीय अवॉर्डी पर्यावरणविद डॉ.नरेन्द्र भूषण सिंह के नेतृत्व में लगाए 200 पौधे

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): वर्धमान श्रीकल्याण इंटरनेशनल स्कूल के इको क्लब, सोशल क्लब एवं एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालय के निकट स्थित दो नव-निर्मित सामुदायिक पार्कों में वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। विद्यालय की सामुदायिक विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के अंतर्गत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना तथा विद्यार्थियों में प्रकृति और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था। अभियान का नेतृत्व प्रसिद्ध पर्यावरणविद अंतर्राष्ट्रीय अवॉर्डी डॉ.नरेन्द्र भूषण सिंह, इको क्लब प्रभारी श्रीमती गायत्री योगी तथा एनसीसी एवं सोशल क्लब प्रभारी श्रीमती अंजू खन्ना ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के लगभग 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दोनों सामुदायिक पार्कों में 200 पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रेनुका जोशी एवं प्रशासक अजय व्यास विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित भारत के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने वृक्षों की सुरक्षा एवं प्रकृति संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। उल्लेखनीय है कि वर्धमान श्रीकल्याण इंटरनेशनल स्कूल शिक्षा के साथ-साथ सामुदायिक विकास और पर्यावरणीय पहलों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!