नोखा/बीकानेर (मुकेश रामावत): भारतीय जनता पार्टी के बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया के निर्देशानुसार एवं नोखा शहर मंडल अध्यक्ष गंगाराम पारीक द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के सफल संचालन एवं समन्वय हेतु नोखा शहर मंडल में पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जारी सूची के अनुसार संदीप चोरड़िया को संयोजक तथा कैलाश रांकावत एवं देवकिशन पंडित को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की गई है कि वे डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिकाधिक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण अभियान से जोड़ते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर बीकानेर देहात भाजपा उपाध्यक्ष महेश झंवर ने कहा कि एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (HRRL), पचपदरा रिफाइनरी परियोजना पश्चिमी राजस्थान के लिए एक वरदान साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि रिफाइनरी परियोजना से पेट्रोकेमिकल एवं सहायक उद्योगों का विकास होगा, जिससे स्थानीय व्यापार, परिवहन, होटल व्यवसाय, आवास, शिक्षा एवं सेवा क्षेत्र को भी बड़ा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही किसानों, छोटे व्यापारियों एवं स्थानीय उद्यमियों के लिए नए अवसर सृजित होंगे तथा पश्चिमी राजस्थान देश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में अपनी पहचान स्थापित करेगा। झंवर ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ देश की ऊर्जा सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और आने वाले वर्षों में विकास का नया अध्याय लिखेगी। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 4 जुलाई 2026, शनिवार को प्रातः 9:30 बजे पचपदरा रिफाइनरी के लोकार्पण समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसका लाइव प्रसारण नगर पालिका हॉल, नोखा में किया जाएगा। नोखा शहर मंडल अध्यक्ष गंगाराम पारीक ने सभी जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने का आह्वान किया।