बेटों पर रखें नजर, साइबर ठगी से रहें सतर्क; अपराध रोकने में परिवार निभाए अहम भूमिका: डीवाईएसपी रवि प्रकाश

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): दत्तवास पुलिस थाना परिसर में शुक्रवार को डीवाईएसपी रवि प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में नागरिक संवाद एवं सीएलजी बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों, यातायात सुरक्षा, भूमि विवादों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। डीवाईएसपी रवि प्रकाश शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी पर भरोसा न करें और न ही किसी के साथ गोपनीय जानकारी साझा करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके। उन्होंने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों, खासकर बेटों की गतिविधियों पर नियमित नजर रखें, उनके सोशल मीडिया उपयोग की जानकारी रखें और उनसे लगातार संवाद बनाए रखें। परिवार की सतर्कता और मार्गदर्शन से कई अपराधों को होने से पहले ही रोका जा सकता है। डीवाईएसपी ने ग्रामीणों से भूमि विवादों को लेकर आपसी टकराव से बचने तथा कानूनी प्रक्रिया और आपसी समझाइश से समाधान निकालने की सलाह दी। साथ ही अवैध बजरी परिवहन या क्षेत्र में होने वाली किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील भी की। नवनियुक्त थाना प्रभारी निरमा मीणा ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने ग्रामीणों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, सीएलजी सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!