बीकानेर (मुकेश रामावत): जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया ने विधायक जेठानंद व्यास से मिलकर रानीbबाजार औद्योगिक क्षेत्र की पुरानी तथा गहरी पानी की पाइप लाइनों को बदलवाने तथा पानी एक और अतिरिक्त टंकी बनवाने हेतु राज्य सरकार से अनुशंसा हेतु ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में जल वितरण पाइप लाइन पिछले 20 से 25 साल पहले बिछाई गयी थी, जो कि समय समय पर सडक का लेवल बढ़ने के कारण 8 से 10 फीट गहराई पर हो गयी है। इसी प्रकार पुरानी पाइप लाइन समय समय पर टूटने के कारण लीकेज एवं सप्लाई में गंदा पानी आने की भी समस्या रहती है। रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 200 औद्योगिक इकाइयां कार्यरत है, जिसमें तकरीबन 10 हजार श्रमिक व उनके परिवार रहते हैं, जिनको पाइप लाइनें पुरानी व् क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण कई बार पीने का साफ़ पानी भी मुश्किल से उपलब्ध हो पाता है। वर्तमान में यह क्षेत्र शहरी आबादी के पास आने लगा है तथा इसके आसपास अनेक ऐसी कोलोनियाँ बस गयी है फिर भी इस क्षेत्र में पिछले 20 से 25 वर्षों से कोई पानी की नयी टंकी स्वच्छ जलाशय तथा पम्प हाऊस का कार्य नहीं हुआ है। इस कारण यहाँ प्रेशर की समस्या के साथ साथ पानी की सप्लाई भी पर्याप्त नहीं हो पाती है। वर्तमान में रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में सड़क एवं सीवरेज सुधार हेतु रीको द्वारा 17 करोड़ रूपये फंड स्वीकृति हेतु मुख्यालय भिजवाया गया है। रीको द्वारा सड़क एवं सीवरेज का कार्य शुरू करवाने से पूर्व नयी पाइप लाइनें डलवानी भी आवश्यक है ताकि बाद में सड़क आदि की तोड़फोड़ ना करनी पड़े। इस पर विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि शीघ्र ही सम्बन्धित विन्हाग के मंत्री से मुलाक़ात कर इस समस्या का हल निकालने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में पुरानी तथा गहरी पानी की पाइप लाइनों को बदलवाने की उठी मांग
By -
July 09, 2026
0
Tags: