कोटपूतली (ईशाक खान): जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता एवं जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह की उपस्थिति में गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था एवं समन्वय संबंधी जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट्स के सुधार, ट्रैफिक प्रबंधन एवं अवैध कटों को बंद कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण हटाने, लेन सिस्टम की प्रभावी पालना सुनिश्चित कराने, सड़क किनारे उगी झाड़ियों को हटाने तथा आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए संबंधित विभागों को समन्वित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने, अवैध हथियार, अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा रात्रिकालीन गश्त, नाकाबंदी एवं पुलिस की दृश्य उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित कार्रवाई करने के साथ-साथ अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोड वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। काली पहाड़ी एवं बुचारा बांध क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से निगरानी बढ़ाकर अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में ट्रोमा सेंटर, फायर सेफ्टी, एम्बुलेंस सेवाओं एवं आपदा प्रबंधन संसाधनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने औद्योगिक क्षेत्रों में संचालित उद्योगों का फायर ऑडिट कराने तथा सभी औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों (सेफ्टी एवं सिक्योरिटी नॉर्म्स) की पूर्ण पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही औद्योगिक अपशिष्ट एवं गंदे पानी को कृषि भूमि, नदी-नालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर डालने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। बैठक में महिलाओं के विरुद्ध अपराध एवं पॉक्सो प्रकरणों की समीक्षा करते हुए महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में एंटी रोमियो पेट्रोलिंग एवं कालिका यूनिट का गठन किया गया है, जिससे महिला अपराधों में कमी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रत्येक पुलिस थाने में महिला हेल्प डेस्क एवं साइबर हेल्प डेस्क स्थापित किए जाने की जानकारी भी दी गई। साथ ही 112, महिला हेल्प लाइन 1090, राजकॉप सिटीजन एप तथा 1098 चाईल्ड हैल्पलाईन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में साईबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी की रोकथाम के लिए जिला स्तरीय साइबर कार्ययोजना की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने महिला अपराध एवं साईबर अपराध के प्रति स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने हार्डकोर एवं आदतन अपराधियों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण हटाने, भूमि विवाद एवं संवेदनशील राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के दौरान आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील गांवों एवं थाना क्षेत्रों की सतत निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा जिला स्तर पर गठित शांति समिति के माध्यम से सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ किया जाए, किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने न पाए तथा प्राप्त शिकायतों एवं आपत्तियों का त्वरित निस्तारण किया जाए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में एडीएम ओमप्रकाश सहारण, एएसपी नाजिम अली, एसडीएम योगेश सिंह देवल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर, लॉ एंड ऑर्डर की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित
By -
July 23, 2026
0
Tags: