कोटपूतली (ईशाक खान): पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे “महिला सुरक्षा संकल्प अभियान“ के तहत कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस ने एक ऐतिहासिक और व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया है। पुलिस ने “सुरक्षित छात्र-छात्राएं, सुरक्षित समाज“ के संकल्प के साथ जिले के 21 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं तक सुरक्षा का संदेश पहुंचाया।
*एक क्लिक पर जुड़े 85 स्कूल व कॉलेज*
जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के नेतृत्व में जिला स्तर पर एक मेगा “ऑनलाईन संवाद“ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस डिजिटल संवाद में जिले के 85 सरकारी और निजी स्कूलों व कॉलेजों के 21 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं, महिलाओं और बालिकाओं को एक साथ जोड़ा गया। कार्यक्रम में एएसपी नाजिम अली खान, समस्त डीएसपी, थानाधिकारी व साईबर सेल की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
*महत्वपूर्ण विषयों पर दी गई कानूनी व व्यावहारिक जानकारी*
ऑनलाईन संवाद के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को रोजमर्रा की सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के तरीके बताए गए। आपातकालीन स्थिति के लिए महिला गरिमा हैल्पलाइन 1090 और साइबर धोखाधड़ी की रिपोर्ट के लिए साइबर हैल्पलाइन 1930 की कार्यप्रणाली समझाई गई। राजकॉप सिटीजन ऐप, पोक्सो ई-बॉक्स, वन स्टॉप सेंटर और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के बारे में जागरूक किया गया। नए कानून (नवीन न्याय संहिता), पोक्सो एक्ट और गुड टच-बैड टच के बारे में विस्तार से बताया गया। नशामुक्ति, यातायात सुरक्षा व जेंडर सेंसिटाईजेशन (लैंगिक संवेदीकरण) पर जोर दिया गया। महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना, महिला बीट अधिकारी स्कीम और सेल्फ डिफेंस तकनीकों की जानकारी दी गई। संवाद कार्यक्रम के अंत में जनसंवाद सत्र का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित छात्र-छात्राओं ने सुरक्षा, कानून व साईबर अपराधों से जुड़े कई सवाल पूछे। पुलिस अधिकारियों ने बेहद सरल और विस्तृत तरीके से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं और प्रश्नों का समाधान कर उनका हांसला बढ़ाया।