बीकानेर (मुकेश रामावत): अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की बीकानेर जिला इकाई की बैठक जिला अध्यक्ष सुशील बंसल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में समाज को संगठित करने, सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने और आगामी कार्यक्रमों को भव्य बनाने पर विस्तृत मंथन हुआ। बैठक में तय हुआ कि सभी पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य आजीवन सदस्यता लेंगे, साथ ही अधिक से अधिक युवाओं को जोड़कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा। विभिन्न पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
महाराजा अग्रसेन जयंती को लेकर विशेष रणनीति बनी। इस बार शहर की सभी अग्रवाल संस्थाओं को एक मंच पर लाकर आपसी समन्वय से भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही परिवारों में सौहार्द बढ़ाने के लिए सामाजिक गोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। बैठक में समाज में बढ़ते प्री-वेडिंग फोटोशूट के चलन पर चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक मर्यादा बनाए रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
युवक-युवतियों के विवाह में आ रही दिक्कतों को देखते हुए जल्द ही एक भव्य आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया।
- केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी हर सदस्य तक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए पहुंचाई जाएगी।
- समाज की सभी अग्रवाल संस्थाओं को एकजुट कर सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम समन्वित रूप से होंगे।
- समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, युवाओं को नेतृत्व में लाने और जरूरतमंद परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने पर सहमति बनी।
- डिस्पोजल और पॉलीथिन के बहिष्कार के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।
बैठक में गोपाल अग्रवाल, जय किशन अग्रवाल, संपत जोहरी, प्रमोद देवड़ा, सुमन जैन, रवि राजवंशी, अंकित अग्रवाल, शिवरतन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और समाजबंधु मौजूद रहे। अंत में सभी ने समाज की एकता और विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।