जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

AYUSH ANTIMA
By -
0


खैरथल-तिजारा (जयबीर सिंह): जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सचिवालय खैरथल में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला कलेक्टर ने राज्य मार्गों पर सड़क सुरक्षा को प्रभावी बनाने के लिए रोड सर्विलांस टीम का गठन करने के निर्देश दिए, ताकि राज्य राजमार्गों पर होने वाले अवैध अतिक्रमणों की पहचान कर उन्हें शीघ्र हटाया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आगामी सोमवार तक सड़क के आरओडब्ल्यू (राइट ऑफ वे) क्षेत्र में आने वाले सभी स्थायी एवं अस्थायी अवैध निर्माणों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए हटाना सुनिश्चित किया जाए। जिला कलेक्टर ने रीडकोर एवं आरएसआरडीसी को अनुबंध की शर्तों के अनुरूप सभी सुरक्षा मानकों एवं नियमों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी टोल प्लाजा पर एम्बुलेंस, स्वच्छ शौचालय सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग को समय-समय पर टोल प्लाजा का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही राजमार्गों पर बनाए गए अवैध कटों को तत्काल बंद करने तथा ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी टोल प्लाजा पर सीसीटीवी कैमरों की सुचारु कार्यशीलता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में जिला कलेक्टर ने गत माह हुई प्रत्येक सड़क दुर्घटना की विस्तार से समीक्षा करते हुए दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण किया। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक रोड इंजीनियरिंग सुधार, चेतावनी संकेतक (साइनेज) एवं अन्य सुरक्षा उपाय शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग को आपसी समन्वय से सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी समयबद्ध रूप से ई-डीएआर (e-DAR) एप पर दर्ज करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने परिवहन विभाग को शिक्षा विभाग के समन्वय से जिले में पंजीकृत 302 बाल वाहिनियों की जांच करने तथा उनके चालकों की चिकित्सा विभाग के माध्यम से नेत्र परीक्षण (आई टेस्ट) कराने के निर्देश दिए। वहीं चिकित्सा विभाग को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटना में घायल होकर अस्पताल पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज को प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाए। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खैरथल जया सिंह, समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अरविंद गेट, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार मेघ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!