टोंक (लालचंद माली): वर्षों से समाज को भीतर ही भीतर कमजोर कर रही बाल विवाह, मृत्यु भोज, फिजूलखर्ची, नशाखोरी और दिखावटी परंपराओं के खिलाफ अब गुर्जर समाज ने खुला बिगुल फूंक दिया है। राजस्थान गुर्जर महासभा ने साफ संदेश दिया है कि अब सामाजिक बुराइयों को परंपरा का नाम देकर नहीं बचाया जा सकेगा। इन्हें जड़ से खत्म करने के लिए तहसील और ब्लॉक स्तर पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। श्री भूणा धाम, शिवपुरी पक्का बंधा पर आयोजित राजस्थान गुर्जर महासभा, तहसील टोंक की महत्वपूर्ण बैठक में समाज सुधार को लेकर कई कड़े निर्णयों पर मंथन हुआ। बैठक में तय किया गया कि गांव-गांव और ब्लॉक स्तर पर बैठकें कर समाज के लोगों की राय ली जाएगी तथा सर्वसम्मति से कुप्रथाओं के खिलाफ निर्णायक अभियान छेड़ा जाएगा। बैठक में प्रत्येक बालक-बालिका की शिक्षा अनिवार्य बनाने, आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों की समाज द्वारा सहायता करने, बाल विवाह पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, विवाह समारोहों में फिजूलखर्ची पर अंकुश लगाने, मृत्यु भोज जैसी कुप्रथा समाप्त करने, पहरावणी और लहणा जैसी परंपराओं में सादगी अपनाने, टीका प्रथा में आर्थिक सीमा तय करने, जन्मदिन सहित अन्य आयोजनों में अनावश्यक खर्च रोकने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। जिला अध्यक्ष उदयलाल गुर्जर ने कहा कि समाज की पहचान दिखावे से नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार और संगठन से बनती है। पूर्व प्रधान जगदीश गुर्जर, तहसील अध्यक्ष बृजराज गुर्जर, केसर लाल गुरुजी, देवकरण गुर्जर (न्यायाधीश), शहर अध्यक्ष रामप्रकाश बिधूड़ी, मेघराज बोकण सहित सभी तहसीलों के पदाधिकारियों और वरिष्ठ समाजजनों ने सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने का संकल्प लिया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि अब समय आ गया है कि समाज नई पीढ़ी को कर्ज, दिखावे और कुरीतियों की विरासत नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार और समानता का वातावरण दे। इसके लिए गांव-गांव संवाद स्थापित कर सामाजिक जागरूकता बढ़ाई जाएगी और समाज को आत्मसम्मान के साथ नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। बैठक के अंत में समाज के सभी लोगों से सामाजिक सुधारों का समर्थन करने और शिक्षित, संगठित तथा संस्कारवान समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
शादी में दिखावा, मौत पर भोज और बाल विवाह पर अब नहीं चलेगी मनमानी, गुर्जर समाज ने कुप्रथाओं के खिलाफ खोला मोर्चा
By -
July 13, 2026
0
Tags: