शौर्य दिवस समारोह: परमवीर चक्र विजेता हवलदार मेजर पीरू सिंह की 78वीं शहादत पर 18 जुलाई को झुंझुनू में जुटेगा जनसमुदाय

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): देश के महान सपूत और परमवीर चक्र विजेता हवलदार मेजर पीरू सिंह जी के 78वें शहादत दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार, 18 जुलाई 2026 को झुंझुनू में 'शौर्य दिवस समारोह' का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की पूर्व तैयारियों को लेकर शुक्रवार अपराह्न 5 बजे कार्यक्रम स्थल शहीद स्मारक, झुंझुनू पर जनसंपर्क अभियान के तहत एक विशेष बैठक संपन्न हुई। यह बैठक लायंस क्लब झुंझुनू के सदस्य एवं सेवानिवृत्त आईएएस डॉ.राजेंद्र सिंह शेखावत के मुख्य आतिथ्य में आयोजित की गई। लायंस क्लब झुंझुनू के तत्वावधान में होने वाले इस मुख्य कार्यक्रम को भव्य, गरिमामयी और ऐतिहासिक बनाने के लिए क्लब के सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और वीर शहीद की शहादत को नमन करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस एवं लायंस क्लब सदस्य डॉ.राजेंद्र सिंह शेखावत ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने आगामी 18 जुलाई को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में क्षेत्रवासियों से पूर्ण सहयोग की अपेक्षा की। डॉ.शेखावत ने भावुक अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में लोग शहीद स्मारक पहुंचकर वीर सपूत को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करें और इस राष्ट्रीय गौरव के कार्यक्रम को सफल बनाएं।
शनिवार, 18 जुलाई 2026 को झुंझुनू के शहीद स्मारक पर सुबह 10 बजे से मुख्य शौर्य दिवस समारोह शुरू होगा। इससे पूर्व शहीद पीरु सिंह स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर स्थानीय युवाओं, ग्रामीणों और आमजन में भारी उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखा जा रहा है।
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे लायंस क्लब झुंझुनू के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आश्वस्त किया है कि सभी व्यवस्थाएं अपने अंतिम चरण में हैं। पूरे समारोह को अत्यंत गरिमा, कड़े अनुशासन और ओजस्वी राष्ट्रभक्ति के वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। व्यापक प्रचार-प्रसार के तहत शौर्य दिवस के बैनर न केवल झुंझुनू शहर में, बल्कि आस-पास के ग्रामीण इलाकों में भी जगह-जगह लगाए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर 14,000 स्क्वायर फीट का भव्य पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें 2,000 से अधिक व्यक्तियों के बैठने की शानदार व्यवस्था की गई है। 

*इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए निम्नलिखित पदाधिकारी और सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं* 

डॉ.राजेंद्र सिंह शेखावत (सेवानिवृत्त आईएएस एवं सदस्य लायंस क्लब झुंझुनू), एमजेएफ लायन डॉक्टर डीएन तुलस्यान (अध्यक्ष), रघुनाथ प्रसाद पोद्दार (सेक्रेटरी लायंस क्लब), भागीरथ प्रसाद जांगिड़ (कोषाध्यक्ष), शिव कुमार जांगिड़ एवं गोपाल कृष्ण गुप्ता (उपाध्यक्ष), एमजेएफ लायन नरेंद्र व्यास (अध्यक्षीय सलाहकार), डॉ.उम्मेद सिंह शेखावत एवं डॉ.नरेंद्र सिंह नरुका (कार्यक्रम कन्वीनर एवं सदस्य लायंस क्लब), यशवर्धन सिंह शेखावत (कार्यक्रम संचालन मंडल सदस्य), शक्ति सिंह कलयाणपुरा, तेजपाल सिंह एडवोकेट, रविंद्र सिंह तोलियासर, चंदू शर्मा हंसनसर व अजय सिंह, बगड़। इस राष्ट्रीय गौरव के पर्व पर ज़िला प्रशासन का भी पूरा सानिध्य और सहयोग मिल रहा है। 

*समारोह में मुख्य रूप से निम्नलिखित उच्चाधिकारी उपस्थित रहेंगे*

डॉ.अरुण गर्ग (जिला कलक्टर, झुंझुनू), कावेन्द्र सिंह सागर (जिला पुलिस अधीक्षक), जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सहित बड़ी संख्या में अन्य प्रशासनिक अधिकारी। यह समारोह केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह देश के रक्षकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का एक बड़ा मंच बनेगा। कार्यक्रम के दौरान परमवीर चक्र विजेता हवलदार मेजर पीरू सिंह के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। वीर चक्र विजेता कैप्टन अयूब खान के परिजनों का सम्मान होगा। कीर्ति चक्र विजेता मानद कैप्टन महेंद्र सिंह दतुसलिया को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही, देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों की 51 वीर वीरांगनाओं का भी मंच से भावभीना सम्मान किया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!