बीच बाजार में घुसा पैंथर, तीन पर किया हमला: शराब की दुकान में कैद, 6 घंटे चला हाई वोल्टेज रेस्क्यू ऑपरेशन

AYUSH ANTIMA
By -
0


टोंक (लालचंद माली): टोडारायसिंह कस्बे में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बीसलपुर कंजर्वेशन रिजर्व से भटककर एक पैंथर रिहायशी इलाके होते हुए मुख्य बाजार में पहुंच गया। सुबह करीब साढ़े सात बजे एसबीआई बैंक क्षेत्र स्थित घीयाजी के गोदाम के पास पहुंचे पैंथर ने तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमले के बाद पैंथर पास ही स्थित एक शराब की दुकान में जा घुसा। पैंथर को देखते ही दुकान का सैल्समैन जान बचाकर बाहर भागा और सूझबूझ दिखाते हुए दुकान का शटर बंद कर दिया, जिससे पैंथर दुकान के भीतर ही कैद हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा पूरे इलाके को घेर लिया। जयपुर से पहुंची वन विभाग की विशेष रेस्क्यू टीम ने करीब छह घंटे तक चले हाई वोल्टेज ऑपरेशन के बाद पैंथर को ट्रैंकुलाइज (बेहोश) कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। इस दौरान बाजार में हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी अप्रिय घटना से बचाने के लिए पुलिस को अतिरिक्त जाब्ता तैनात करना पड़ा। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा। पैंथर का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद उसे पुनः सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। विभाग के अनुसार वर्तमान में बीसलपुर कंजर्वेशन रिजर्व क्षेत्र में पांच पैंथरों की मौजूदगी दर्ज है। इस अभूतपूर्व घटना ने पूरे कस्बे में दहशत के साथ-साथ कौतूहल का माहौल बना दिया। सुबह से दोपहर तक बाजार पैंथर के हाई वोल्टेज ड्रामे का केंद्र बना रहा और लोग दूर-दूर से घटनास्थल पर पहुंचते रहे। प्रशासन ने लोगों से वन्यजीव दिखने पर सतर्क रहने और तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।
Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!