झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर झुंझुनूं स्थित चंचलनाथ टीले पर 29 जुलाई को हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। पूरे टीले परिसर, मंदिर एवं समाधि स्थल को जीवंत पुष्प सज्जा तथा रंग-बिरंगी आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा, जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक आभा से आलोकित रहेगा। टीले के संत विचारनाथ महाराज ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7:15 बजे गुरु परंपरा के अनुसार ओमनाथ महाराज द्वारा अपने गुरुओं की समाधि स्थलों पर भोग अर्पित करने, पुष्पांजलि अर्पण तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना से होगा। इसके पश्चात विचारनाथ महाराज अपने पूज्य गुरुदेव ओमनाथ महाराज का विधिवत पूजन करेंगे। गुरु पूजा के दौरान शिष्य गुरुदेव का तिलक कर पुष्पमाला अर्पित करेंगे तथा फल, फूल, नारियल, मिठाई, वस्त्र एवं श्रद्धा-भेंट समर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। गुरु चरणों में नमन कर उनकी आरती उतारेंगे, गुरु वंदना का गायन करेंगे तथा गुरु के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेंगे। महोत्सव के दौरान चूरू, सीकर, फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिष्य एवं श्रद्धालु उपस्थित होंगे। वे भक्ति-भाव से भजन-कीर्तन प्रस्तुत करेंगे, जिससे पूरा परिसर भक्तिरस से सराबोर हो जाएगा। कार्यक्रम में गुरु महिमा का गुणगान, सत्संग एवं आशीर्वचन भी होंगे ।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव 29 जुलाई को: चंचलनाथ टीले पर श्रद्धा और भक्ति के साथ होगी गुरु पूजा
By -
July 23, 2026
0
Tags: