जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): जेके सीमेंट एवं पुष्पा होंडा के संयुक्त सौजन्य से प्रोजेक्ट प्रगति के अंतर्गत 24 होंडा एक्टिवा की डिलीवरी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जेके सीमेंट के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुष्पा होंडा के सुरक्षा प्रतिनिधि अमित सिंह एवं मैनेजर विष्णु तिवाड़ी ने केवाईटी ट्रेनिंग के माध्यम से उपस्थित 56 लोगों को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण में दुर्घटना होने से पहले संभावित खतरे का आभास कैसे किया जाए, वाहन चलाते समय किन सुरक्षा नियमों का पालन किया जाए तथा सड़क पर निकलने से पहले किन सावधानियों का ध्यान रखा जाए, इस विषय पर विस्तार से समझाया गया। प्रशिक्षण के दौरान हेलमेट पहनने की सही विधि का प्रदर्शन भी किया गया। उपस्थित लोगों को बताया गया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है। हेलमेट पहनते समय उसका आकार सही होना चाहिए, स्ट्रैप को ठीक से बांधना चाहिए और वाहन चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट का प्रयोग करना चाहिए। सुरक्षा प्रतिनिधि अमित सिंह ने केवाईटी के माध्यम से सड़क पर संभावित खतरे को पहले पहचानने, वाहन से उचित दूरी बनाए रखने, मोड़ और चौराहे पर गति नियंत्रित रखने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं को केवल नियमों से नहीं, बल्कि जागरूकता और सतर्कता से भी रोका जा सकता है। पुष्पा होंडा के मैनेजर विष्णु तिवाड़ी ने कहा कि वाहन डिलीवरी के साथ ग्राहकों को सड़क सुरक्षा की जानकारी देना भी संस्थान की जिम्मेदारी है। वाहन चलाने से पहले ब्रेक, टायर, इंडिकेटर, लाइट और रियर व्यू मिरर की जांच करना आवश्यक है। सुरक्षित वाहन संचालन से चालक स्वयं के साथ-साथ अन्य राहगीरों के जीवन की भी रक्षा करता है। इस अवसर पर जेके सीमेंट की ओर से अनुराग शर्मा, स्टेट हेड मार्केटिंग, नितिन गोयल, सीटीएस जोनल हेड, ऋषभ जैन, एएसएम मार्केटिंग जयपुर अर्बन तथा लोकेन्द्र चौहान, स्टेट हेड सीटीएस विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मार्केटिंग अधिकारी आयुष, अक्षय, रमेश, देवेश, विनय एवं शिवदत्त ने भी सहभागिता की। जेके सीमेंट के अधिकारियों ने सफल वाहन डिलीवरी एवं सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण के लिए पुष्पा होंडा की टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल वाहन प्रदान करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में जिम्मेदार ड्राइविंग, हेलमेट के नियमित उपयोग और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी रहा। उपस्थित लोगों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।