रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): रानीवाड़ा में सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सदैव अग्रणी रहने वाला बोहरा परिवार शनिवार को बाबा रामदेव जी के पावन धाम रामदेवरा (रणुजा) के लिए भव्य दर्शनार्थ संघ रवाना करेगा। इस धार्मिक यात्रा में रानीवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों के करीब 201 श्रद्धालु शामिल होंगे। बोहरा परिवार के सदस्य महेश बोहरा ने बताया कि जन-जन की आस्था के प्रतीक लोकदेवता बाबा रामदेव जी के दर्शन के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशेष यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा श्रद्धालुओं के आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह सभी श्रद्धालु बोहरा निवास पर एकत्रित होंगे, जहां उनका पारंपरिक स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद बाबा रामदेव जी के जयघोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय माहौल के बीच मुख्य बाजार से रेलवे स्टेशन तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। पूरे मार्ग में श्रद्धालु बाबा रामदेव जी के जयकारों के साथ धार्मिक वातावरण बनाए रखेंगे। रेलवे स्टेशन से सभी श्रद्धालु साबरमती–जैसलमेर एक्सप्रेस में पूर्व आरक्षित टिकटों के माध्यम से रामदेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे। रामदेवरा पहुंचने पर श्रद्धालु बाबा रामदेव जी के मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करेंगे। महेश बोहरा ने बताया कि 26 जुलाई को सभी श्रद्धालु दर्शन के उपरांत वापस रानीवाड़ा लौटेंगे। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सामूहिक सहभागिता का भी संदेश देती है। बोहरा परिवार द्वारा आयोजित इस भव्य रामदेवरा दर्शनार्थ संघ को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। नगरवासियों ने भी इस धार्मिक पहल की सराहना करते हुए यात्रा के सफल एवं मंगलमय होने की शुभकामनाएं दी हैं।
बोहरा परिवार के तत्वावधान में आज निकलेगा रामदेवरा दर्शनार्थ संघ, 201 श्रद्धालु करेंगे बाबा रामदेव के दर्शन
By -
July 24, 2026
0
Tags: