बीकानेर (मुकेश रामावत): स्वतंत्रता संग्राम के प्रथम नायक अमर शहीद मंगल पांडे की 199वीं जयंती शाकद्वीपीय मग ब्राह्मण समाज और मंगल पांडे स्मारक समिति द्वारा मंगल पांडे सर्किल पर श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम में शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया गया। इस मौके पर समाज के पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों ने मंगल पांडे के जीवन और उनके बलिदान पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेशाध्यक्ष गणेशदास सेवग ने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ पहली चिंगारी जलाने वाले मंगल पांडे धर्म और राष्ट्र की एकता के प्रतीक हैं। उनके साहस ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई। विशिष्ट अतिथि कल्याण फाउंडेशन ऑफ इंडिया की निदेशक कामिनी विमल भोजक मैया ने कहा कि मंगल पांडे की हुंकार ने ही देश में आजादी के आंदोलन की नींव रखी। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाकद्वीपीय मग ब्राह्मण बंधु ट्रस्ट के अध्यक्ष आर.के. शर्मा ने की। महासचिव राजेश शर्मा ने कहा कि जिस समय लोग अंग्रेजों के डर से चुप थे, उस समय मंगल पांडे ने बिगुल फूंककर देशवासियों में जोश भर दिया। वन्दे मातरम टीम के संयोजक विजय कोचर ने सुझाव दिया कि शहीदों की गाथाओं को लघु नाटकों के जरिए बच्चों तक पहुंचाया जाए। कार्यक्रम का संचालन बीकानेर शाकद्वीपीय ब्राह्मण संघ के अध्यक्ष दयाशंकर शर्मा" ने किया। अंत में महासभा के सचिव मनोज कुमार शर्मा "मनसा महाराज" ने आभार जताया। सभा में बजरंग लाल सेवग, शंकर सेवग, नितिन वत्स, सत्यदेव शर्मा, शिवरतन सेवग सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे।