12 वर्ष पुराने नगर परिषद सिरोही भर्ती घोटाले में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश

AYUSH ANTIMA
By -
0


रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) जालोर ने वर्ष 2014 के नगर परिषद सिरोही भर्ती अनियमितता मामले में महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में चालान (चार्जशीट) पेश कर दी है। मामला तत्कालीन आयुक्त द्वारा नियमों की अनदेखी कर विभिन्न पदों पर कथित रूप से अवैध नियुक्तियां देने से जुड़ा है। एसीबी जालोर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मांगी लाल राठौड़ ने शनिवार को बताया कि वर्ष 2014 में नगर परिषद सिरोही के तत्कालीन आयुक्त लालसिंह राणावत ने स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशों एवं नियमों की अवहेलना करते हुए वाहन चालक, जेसीबी ऑपरेटर, बागवान, सफाई निरीक्षक सहित विभिन्न पदों पर अपने पद का दुरुपयोग कर नियमों के विपरीत नियुक्तियां की थीं। इससे राजकोष को अनुचित आर्थिक हानि पहुंचने का आरोप है। उन्होंने बताया कि मामले की प्राथमिक जांच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान, जयपुर द्वारा कराई गई थी। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर प्रकरण दर्ज कर विस्तृत अनुसंधान किया गया। अनुसंधान के दौरान आरोप प्रमाणित होने पर एसीबी जालोर ने तत्कालीन आयुक्त लालसिंह राणावत (सेवानिवृत्त) सहित कुल 10 आरोपियों के विरुद्ध माननीय विशेष न्यायाधीश, विशिष्ट न्यायालय भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, पाली के समक्ष चार्जशीट प्रस्तुत की। चार्जशीट में तत्कालीन आयुक्त लालसिंह राणावत के अलावा दिनेश कुमार, जयन्ती लाल, लादाराम, जवानाराम, प्रवीण कुमार दुलानी, ईश्वर लाल, भलाराम, भंवर सिंह तथा श्रीमती शारदा को आरोपी बनाया गया है। एसीबी की इस कार्रवाई को 12 वर्ष पुराने भर्ती अनियमितता प्रकरण में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब मामले की सुनवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गठित विशेष न्यायालय, पाली में होगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!