नारायणपुर (प्रदीप जांगिड़): उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत गढ़ी मामोड़ के मथुराला की ढाणी में बुधवार देर शाम खेत की डोल पर खंभी गाड़ने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते लाठी-डंडों से मारपीट में बदल गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं। मारपीट में दोनों पक्षों के कुल 10 लोग घायल हो गए। परिजन सभी घायलों को तत्काल नारायणपुर आदर्श सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए छह लोगों को उच्च प्राथमिकता उपचार के लिए कोटपुतली रेफर किया गया। इनमें से दो महिलाओं की हालत अधिक गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया।थाना प्रभारी रोहिताश कुमार ने बताया कि बुधवार शाम गढ़ी मामोड़ में खेत की डोल को लेकर विवाद और मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार की व्यवस्था कराई। जिसमें गुरुवार सायं को एक पक्ष हीरालाल सैनी ने पूरणमल सैनी सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।पुलिस के अनुसार, एक पक्ष के रामसिंह सैनी, सुप्यार, बिमला, बनारसी, गुड्डी, आशा, छिम्मा और गाड़ा राम सैनी सहित कुल नौ लोग घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष के पूरण सैनी को भी चोटें आई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेत की डोल पर खंभी गाड़ने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया।
घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी, वही दूसरे पक्ष के घायल रामसिंह के भाई राजेंद्र सैनी ने बताया कि खंभी लगाने को लेकर 20 दिन से विवाद चल रहा था। जिसको लेकर हमारे ताऊ के लड़के सीताराम के खेत की डोल के बीच में खंभी लगाने को लेकर समझौता हो गया था। बुधवार की देर शाम को पूर्व सैनी टैक्टर लेकर खंभी लगाने पहुंचा ओर भाई सीताराम के खेत में डोल से नीचे की तरफ खंभी लगाने लग गया। इस दौरान रामसिंह ने कहा कि समझौता बीच में लगाने को लेकर समझौता हुआ था और आप यहां खेत में लगा रहे हो। इसको लेकर पूर्ण के परिवार के लोग आ गए और लाठी डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इसमें हमारे परिवार के 9 महिला पुरुष घायल हो गए। एक पक्ष के घायल पूर्ण सैनी के भाई योगेश सैनी ने बताया कि देर शाम को पूर्व अपने खेत में भैंसों के बाड़े के लिए खेत के तार लगाने के लिए सीमेंट की खंभी रहे थे, इसी दौरान रामसिंह सैनी आया और झगड़ा करने लग लग गया, इसके बाद उनके परिवार के लोग भी आ गए और मारपीट करने लग गए। जिसमें पूर्ण के पैर ओर शरीर पर कई जगह चोट आई है। पुलिस ने एक पक्ष का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।