जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा आयोजित भारत-भूटान समरसता सोशल मिशन यात्रा का सफल समापन सम्पन्न हुआ। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भूटान की राजधानी थिम्फू में आयोजित भारत-भूटान शांति सम्मेलन एवं विचार प्रस्तुतीकरण समारोह में भारत के विभिन्न राज्यों से आए 85 सदस्यीय सांस्कृतिक शिष्टमण्डल ने सहभागिता की। मंच के संयोजक एवं नेपाल के प्रथम उपराष्ट्रपति के विशिष्ट सलाहकार डॉ.कुलदीप प्रसाद शर्मा (एडवोकेट) ने बताया कि समारोह का आयोजन भूटान के पूर्व आर्थिक मामलों के मंत्री रहे लोकनाथ शर्मा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य "वसुधैव कुटुम्बकम्", "ग्लोबल विलेज", "सत्यम् शिवम् सुन्दरम्" भारत की शक्ति, प्रतिष्ठा तथा पंचशील सिद्धांतों के आदर्शों को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देना था। समारोह में भूटान सरकार के पूर्व सांसद दासो रितु राज छेत्री, आनन्द राय, उगेन तेसरिंग तथा ज्ञान दोरजी सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके कर-कमलों द्वारा बीएल रणवा, सवेन्द्र जीत सिंह, श्रीमती आशा डामोर, डॉ.तुहिना प्रकाश शर्मा, डॉ.एम.देवराज जैन, नरेन्द्र कुमार पाण्डेय, डॉ.कुलदीप शर्मा (अजमेर) सहित 41 विशिष्ट प्रतिभाओं को "भारत-भूटान शांति रत्न अवार्ड" से सम्मानित किया गया। यात्रा के दौरान भारतीय शिष्टमण्डल को भूटान की लोकसभा भवन में शिष्टाचार भेंट का अवसर भी प्राप्त हुआ, जहाँ भूटान के विदेश मंत्री डी.एन डुंगयाल ने अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच के अन्तर्राष्ट्रीय संयोजक डॉ.कुलदीप प्रसाद शर्मा का विशेष सम्मान किया तथा उन्हें अपने साथ आसन ग्रहण कराकर सभी प्रतिनिधियों से आत्मीय परिचय एवं संवाद किया। विदेश मंत्री डुंगयाल ने भारतीय शिष्टमण्डल के सम्मान में लोकसभा भवन में "चाय पर चर्चा" कार्यक्रम का भी आयोजन किया, जिसमें भारत एवं भूटान के मध्य मैत्री, सांस्कृतिक सहयोग, विश्व शांति तथा मानवीय एकता जैसे विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ। इस अवसर पर सभी प्रतिनिधियों ने विदेश मंत्री एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के साथ सामूहिक छायाचित्र भी खिंचवाए। मंच के पदाधिकारियों ने इसे भारत-भूटान मैत्री संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक पहल बताया।
अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच की भारत-भूटान समरसता सोशल मिशन यात्रा सम्पन्न
By -
June 26, 2026
0
Tags: