जयपुर: राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इसी क्रम में तहसील बस्सी की ग्राम पंचायत पडासोली में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर एक खातेदार के लिए राहत लेकर आया। ग्राम पडासोली निवासी 55 वर्षीय गिरिराज प्रसाद गुर्जर पुत्र भगवान सहाय गुर्जर की जमाबंदी में पिछले लगभग 20 वर्षों से उनके नाम में त्रुटि दर्ज थी। राजस्व अभिलेखों में उनका नाम गलत अंकित होने के कारण उन्हें विभिन्न राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने ग्रामीण सेवा शिविर में संपर्क किया। शिविर के दौरान राजस्व अधिकारियों द्वारा प्रकरण का मौके पर ही परीक्षण किया गया। आवश्यक अभिलेखों एवं तथ्यों के सत्यापन के उपरांत जमाबंदी में नाम शुद्धिकरण की कार्रवाई तत्काल संपादित कर लगभग दो दशक से लंबित प्रकरण का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। नाम शुद्धिकरण होने से गिरिराज प्रसाद गुर्जर को बड़ी राहत मिली तथा राजस्व अभिलेखों की शुद्धता भी सुनिश्चित हुई। उन्होंने राज्य सरकार एवं शिविर में कार्यरत अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही उनकी समस्या का समाधान शिविर में ही हो गया। उन्होंने ग्रामीण सेवा शिविरों को आमजन की समस्याओं के समयबद्ध समाधान का प्रभावी माध्यम बताया। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसे शिविर सुशासन को मजबूत करने के साथ-साथ प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास को भी सुदृढ़ कर रहे हैं।
खाते में दर्ज दो दशक पुरानी त्रुटि हुई दूर, गिरिराज प्रसाद को मिली बड़ी राहत
By -
June 24, 2026
0
Tags: