मेघवाल विकास समिति की मासिक बैठक सम्पन्न

AYUSH ANTIMA
By -
0

कोटपूतली (ईशाक खान): मेघवाल विकास समिति की मासिक बैठक रविवार को टापरी रोड़ स्थित मेघवाल महिला छात्रावास में समिति अध्यक्ष मदनलाल वर्मा की अध्यक्षता व जिलाध्यक्ष एड.सुबेसिंह मोरोड़िया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित की गई, जिसमें समाज हित और विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। बैठक की शुरुआत में पूर्व में लिए गए प्रस्तावों को पढ़कर सुनाया गया। जो कार्य अभी अधूरे हैं, उन्हें नए सिरे से जिम्मेदारी सौंपकर आगामी बैठक तक पूरा करने का निर्णय लिया गया। 

*सामूहिक विवाह हेतु परिचय सम्मेलन*

बैठक में जिला स्तरीय सामूहिक विवाह सम्मेलन के आयोजन पर गहन विचार-विमर्श किया गया। इसके तहत आगामी 12 जुलाई को प्रातः 10 बजे टापरी रोड़ स्थित मेघवाल महिला छात्रावास में परिचय सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। सम्मेलन की तैयारियों और प्रचार-प्रसार का जिम्मा सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति के अध्यक्ष छोटूराम सामरिया एवं उनकी कार्यकारिणी को सौंपा गया। वहीं आगामी मानसून को देखते हुये मेघवाल महिला छात्रावास के निर्माणाधीन भवन के पीछे वाली गली को सीमेंट से पक्का करवाने और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करने का फैसला लिया गया, ताकि बारिश का पानी भवन की नींव में ना जा सके। समिति के कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा ने 08 कमरों व हॉल के निर्माण में हुये खर्च और भामाशाहों से प्राप्त राशि का आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। साथ ही चार दीवारी व कक्ष निर्माण करने वाले भामाशाहों से बकाया राशि के लिये संपर्क करने का निर्णय लिया गया, ताकि निर्माण कार्य में कोई रुकावट ना आयें। बैठक में वर्तमान समय में बढ़ते विवाह विच्छेद (तलाक) और पति-पत्नी के आपसी मन-मुटाव पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई। 

*कार्यक्षेत्र का विस्तार*

समिति के कार्यक्षेत्र को कोटपूतली तहसील से बढ़ाकर जिला स्तरीय करने का एक बड़ा फैसला लिया गया। इसके लिए जिलाध्यक्ष एड.सुबेसिंह मोरोड़िया व उनकी कार्यकारिणी को इसी पंजीकरण संख्या के तहत जिला स्तर पर मान्यता रखने हेतु पंजीकरण कार्यालय को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया। बैठक में संरक्षक आर एस झांझरिया, रतिराम जीलोवा, छोटूराम सामरिया, हरिपाल, जगदीश मेघवाल, बदलूराम, रामनिवास, रामसिंह मैनेजर, चिरंजी लाल आर्य, अनिल कुमार मोरोड़िया, बंशीधर लूनीवाल, गिरिराज प्रधानाचार्य समेत समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्यगण मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!