बीकानेर: जिले के लूनकरणसर थाना क्षेत्र में एक दूध व्यापारी के साथ मारपीट कर साढ़े पांच लाख रुपए लूटने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीडित की रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरनाणा वार्ड 8 के निवासी भैराराम जाखड़ ने रिपोर्ट में बताया कि 13 जून की रात करीब 9:30 बजे वह दूध की गाड़ी लेकर नाथवाणा से लूनकरणसर की ओर आ रहा था। रास्ते में राजपुरिया फांटा के पास एक थार गाड़ी सड़क के बीचों-बीच खड़ी मिली, जिसमे सवार युवक हाई बीम लाइट जलाकर खड़े थे। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि गाड़ी हटाने के लिए कहने पर थार सवार युवक, जिन्होंने कथित रूप से शराब का सेवन कर रखा था, नीचे उतर आए और मारपीट का प्रयास करते हुए चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद परिवादी वहां से रवाना हुआ तो आरोपित उसका पीछा करते रहे। आरोप है कि रोझां चौराहे से पहले रेलवे फाटक बंद होने पर आरोपित वहां पहुंच गए और लाठी-सरियों तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य वाहन चालकों ने बीच-बचाव किया। परिवादी का आरोप है कि हमले के दौरान उसकी गाड़ी में रखी दो गाडिय़ों के दूध की बिक्री की करीब साढ़े पांच लाख रुपए की नकदी निकालकर आरोपित फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई हीरालाल को सौंपी गई है।
3/related/default