झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): अखिल भारत हिन्दू महासभा जिला कार्यकारिणी झुंझुनूं ने प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार पूनिया के निर्देशानुसार एवं सह-संगठन महामंत्री विष्णु शर्मा के मार्गदर्शन में कोटा के चन्द्रेशल मठ में संत की निर्मम हत्या, चिड़ावा ट्रायल रूम प्रकरण तथा पिलानी में 9 वर्षीय बालक के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर मुख्यमंत्री राजस्थान एवं पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजस्थान के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य एवं पुलिस अधीक्षक कविंद्र सिंह सागर को सौंपा गया। ज्ञापन में तीनों मामलों की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई, फास्ट ट्रैक न्यायालय में सुनवाई तथा प्रदेश में धार्मिक स्थलों, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की मांग की गई। इस अवसर पर जिला संगठन महामंत्री प्रभाती लाल योगी, जिला प्रवक्ता पूजा शर्मा, हिन्दू महिला सभा चिड़ावा नगर अध्यक्ष सुमन कटेवा, चिड़ावा नगर मंत्री हरीश केडिया, हिन्दू महिला सभा चिड़ावा नगर उपाध्यक्ष रेखा पांडे एवं ख्याति केडिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पदाधिकारियों ने कहा कि संत समाज, महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े अपराधों पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, महिलाओं की निजता की रक्षा तथा बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम के लिए सरकार और प्रशासन को प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने चाहिए, जिससे आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हो सके।