बीकानेर (मुकेश रामावत): अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर बीकानेर का डॉ.करणी सिंह स्टेडियम योग की धुन पर थिरक उठा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय कानून व संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल की अगुवाई में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और सरकारी विभागों के अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सभी ने आसन, प्राणायाम और ध्यान की विभिन्न क्रियाएं कीं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बीकानेर शौर्य भूमि है और योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जिसे पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और तनावमुक्त जीवन मिलता है।
अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र बनता है। योग व्यक्ति को अनुशासन और संतुलन सिखाता है, इसलिए इसे रोज की दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।