झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जयपुर के प्रताप नगर इलाके में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा वंशिका की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना ने पूरे प्रदेश में आक्रोश पैदा कर दिया है। इसी कड़ी में, वैश्य सेना, झुंझुनूं ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कमर कस ली है। संगठन की ओर से आज 15 जून को जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। विदित हो जयपुर के प्रताप नगर में हुई 16 वर्षीय वंशिका की मौत को उसके परिजनों ने हत्या करार दिया है। परिवार का आरोप है कि प्रभावशाली लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। परिजनों का कहना है कि वे न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई या परिणाम सामने नहीं आया है। आज दिए जाने वाले ज्ञापन में वैश्य सेना ने प्रशासन के सामने निम्नलिखित मांगो में मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच CBI, SIT या किसी अन्य स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच एजेंसी से करवाई जाए,घटना स्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित किया जाए ताकि कोई उन्हें नष्ट न कर सके, मामले में नामजद प्रभावशाली व्यक्तियों और दोषियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए व पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करवाया जाए। वैश्य सेना के पदाधिकारियों ने साफ कर दिया है कि यदि इस मामले में जल्द ही कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो न्याय की खातिर 'सर्व समाज' और अन्य सामाजिक संगठनों को साथ लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। वैश्य सेना के जिलाध्यक्ष एडवोकेट नरेश परशरामपुरिया, जिला मंत्री सीए पवन कुमार केड़िया, प्रदेश मंत्री राजेश अग्रवाल, जिला मंत्री अशोक केड़िया और संगठन मंत्री प्रदीप पाटोदिया ने जिले के समस्त सदस्यों और अन्य सामाजिक संगठनों से अपील की है। उन्होंने कहा कि— "वंशिका को न्याय दिलाने के लिए हमें अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। कृपया अधिक से अधिक संख्या में 15 जून, सोमवार सुबह 10.30 बजे इंदिरानगर स्थित पारिजात पार्क से जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर इस मुहिम को सफल बनाएं।"
न्याय के लिए उठी आवाज़: वंशिका की संदिग्ध मौत के मामले में वैश्य सेना आज सौंपेगी जिला कलेक्टर को ज्ञापन
By -
June 14, 2026
0
Tags: