निवाई (लालचंद माली): पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड संघ के तत्वावधान में कौशल से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम थीम पर आधारित 30 दिवसीय कला कौशल एवं अभिरुचि प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह पूर्वक किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक रामसहाय वर्मा, अध्यक्षता कर रही समाजसेवी प्रमिला व स्काउट गाइड संघ प्रधान खंडेलवाल, विशिष्ट अतिथि भाजपा शहर अध्यक्ष नितिन छाबड़ा व प्रधानाचार्य गिरिराज प्रसाद गुर्जर ने दीप प्रज्जवलित करके किया। मुख्य अतिथि विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा कि बालकों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिरुचि शिविर बेहद महत्वपूर्ण एवं मील का पत्थर साबित होते हैं। इससे बच्चों को गर्मी की छुट्टियों का सदुपयोग करने का बेहतरीन अवसर मिलता है, जिससे वे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में भी आगे बढ़ सकते हैं। मंडल संघ आयुक्त विनोद दत्त जोशी ने स्काउटिंग की अजमेर डिवीजन में अलग पहचान होने एवं विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प ड्राइंग एंड पेंटिंग व वेस्ट से बेस्ट को अनुपम बताते हुए सभी को भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं प्रदान की। संघ के सचिव विष्णुकांत शर्मा ने बताया कि इस बार पीएम श्री विद्यालय के इस नवाचार के तहत 125 शिविरार्थियों द्वारा पिछले 30 दिनों में सीखी गई कलाकृतियों की एक भव्य हस्तशिल्प व आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी लगाई गई। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मिट्टी के मॉडल, पेंटिंग्स, वेस्ट मटीरियल से तैयार कलाकृतियां एवं विभिन्न उपयोगी हस्तशिल्प उत्पाद इस प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रहे, जिसकी सभी अतिथियों ने मुक्त कंठ से सराहना की। समारोह में नन्हे-मुन्नों एवं युवाओं द्वारा शानदार रंगारंग सांस्कृतिक व म्यूजिकल कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी एवं स्काउट बैंड का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही बच्चों ने शिविर में सीखी गई आत्मरक्षा की तकनीकों का भी जीवंत प्रदर्शन किया। इस दौरान शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों का प्रमाण पत्र मोमेंटो प्रदान कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर सीओ स्काउट सुरेंद्र सिंह मेहरडा, ओमप्रकाश गौतम, प्रधानाचार्य हेमंत बैरवा, घनश्याम बुनकर, प्रशिक्षक मंडल के पदमचंद सोगानी, अलका शर्मा, लीना विजय, सुमन रोलानिया, रामावतार कुमावत, सोहन लाल वर्मा, गिरिराज वर्मा, राजेंद्र शर्मा, शारीरिक शिक्षक मोहन लाल निराला, रामकिशन गुर्जर बहादुरपुरा व मांगीलाल थोरी सहित कई शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
बालकों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिरुचि शिविर महत्वपूर्ण: विधायक रामसहाय वर्मा
By -
June 16, 2026
0
Tags: