कोटपूतली-बहरोड़: साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा खेलो इंडिया एवं फिट इंडिया अभियान के सहयोग से आयोजित “अस्मिता खेलो इंडिया महिला साइक्लिंग सिटी लीग 2026” के तहत मंगलवार को प्रागपुरा-पावटा में महिला साइक्लिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। जिले में आयोजित इस लीग में बड़ी संख्या में बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रन का आयोजन ग्राम प्रागपुरा से प्रारम्भ कर ग्राम भांकरी तक किया गया, जिसमे करीब 250 बालिकाओं ने सहभागिता निभाई। एसडीएम पावटा साधना शर्मा सहित उपस्थित अतिथियों ने हरि झंडी दिखाकर लीग का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राजस्थान साइक्लिंग की चेयरपर्सन सारिका चौधरी ने प्रतिभागी बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि देश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का परिचय दे रही हैं और खेल जगत भी इससे अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि देश की प्रत्येक बालिका को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए समान अवसर उपलब्ध हों तथा खेलों के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाया जाए। इसी सोच को साकार करने के लिए अस्मिता खेलो इंडिया महिला साइक्लिंग सिटी लीग जैसे आयोजनों की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का भी सशक्त आधार हैं। जब बेटियां खेल मैदान में आगे बढ़ती हैं तो वे समाज की अन्य बालिकाओं के लिए भी प्रेरणा बनती हैं। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ निरंतर अभ्यास करते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में जूनियर गर्ल्स, सब-जूनियर/यूथ गर्ल्स एवं सीनियर वर्ग की खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के मुख्य समन्वयक अरुण जोशी ने बताया कि सब-जूनियर वर्ग में भारती सैनी ने स्वर्ण पदक, महिका महावर ने रजत पदक तथा ईप्शा ने कांस्य पदक प्राप्त किया। सब-जूनियर की दूसरी श्रेणी में पारुल ने स्वर्ण, प्रिया अग्रवाल ने रजत तथा निक्की ने कांस्य पदक हासिल किया। जूनियर वर्ग में सोनम यादव ने स्वर्ण, अनीशा मल ने रजत तथा कृपा वर्मा ने कांस्य पदक जीता। वहीं सीनियर वर्ग में पूजा सैनी ने स्वर्ण, पिंकी आर्या ने रजत तथा चेतना मीणा ने कांस्य पदक प्राप्त किया। अरुण जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी बालिकाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही खेल नीति के अंतर्गत पात्र खिलाड़ियों को विभिन्न स्तरों पर प्रोत्साहन एवं रोजगार संबंधी अवसर भी उपलब्ध हो सकते हैं। इस अवसर पर जयपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष सुरेश बदलीवाल, सह-समन्वयक मुखराम धनखड़, पूर्व सरपंच एलन स्वामी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित उपखंड अधिकारी साधना शर्मा तथा प्रागपुरा थानाधिकारी भजनाराम सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
अस्मिता खेलो इंडिया महिला साइक्लिंग सिटी लीग में बालिकाओं ने दिखाई दमदार प्रतिभा
By -
June 09, 2026
0
Tags: