कार्य-विभाजन स्पष्ट करो, सुरक्षा सुनिश्चित करो

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): राजस्थान विद्युत तकनीकी कर्मचारी एसोसिएशन, निवाई शाखा द्वारा जयपुर डिस्कॉम के सहायक अभियंता अ-प्रथम को तकनीकी कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने कार्य-विभाजन, उत्तरदायित्व एवं एफआरटी कार्य प्रणाली के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी प्रकार के भ्रम या दुर्घटना की स्थिति से बचा जा सके। कर्मचारियों ने बताया कि स्पष्ट आदेशों के अभाव में फीडर प्रभारियों एवं लाइन स्टाफ को व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एलटी लाइन के रखरखाव, दोष निवारण एवं तार टूटने जैसी समस्याओं के समाधान के लिए निगम द्वारा एफआरटी की नियुक्ति की गई है तथा इसके लिए अलग से भुगतान भी किया जा रहा है। ऐसे में इन कार्यों से विभागीय कर्मचारियों को पूर्णतः मुक्त रखते हुए एफआरटी को ही जिम्मेदारी दी जानी चाहिए।
कर्मचारियों ने यह भी कहा कि वर्तमान में 11 केवी लाइन के कार्यों का अनुबंध भी एफआरटी को दिया जा चुका है, लेकिन जमीनी स्तर पर यह कार्य आज भी नियमित कर्मचारियों से करवाया जा रहा है जबकि भुगतान एफआरटी को किया जा रहा है, जो निगम हित में उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कार्य-विभाजन स्पष्ट नहीं होने के कारण भविष्य में किसी दुर्घटना या विभागीय कार्रवाई की स्थिति में कर्मचारियों को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराना न्यायोचित नहीं होगा। संगठन ने मांग की कि यदि किसी आपातकालीन परिस्थिति में कर्मचारियों की सहायता ली जाती है तो कनिष्ठ अभियंता अथवा सहायक अभियंता द्वारा स्थान एवं जिम्मेदारी तय करते हुए लिखित आदेश जारी किए जाएं, जिनका पालन कर्मचारी पूरी निष्ठा से करेंगे। ज्ञापन देने वालों में संरक्षक मनोज लाल मीणा, अध्यक्ष धर्मराज मीणा, उपाध्यक्ष विजय सिंह मीणा, कोषाध्यक्ष प्यारेलाल मीणा, सह कोषाध्यक्ष राकेश कुमार सोनी, संगठन मंत्री बुद्धिप्रकाश मीणा, राजेश कुमार, मदन मोहन, रामस्वरूप मीणा, विजय सिंह मीणा, कैलाश चन्द गुप्ता, मुनेशलाल मीणा, सतीश कुमार जांगिड़, सन्नी वर्मा, इन्द्रजीत, मीठालाल, दिनेश कुमार मीणा, रमेश कुमार सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!