जयपुर: निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर आशादीप संस्थान की ओर से मानसरोवर के शिप्रा पथ रोड, परशुराम सर्किल पर सेवा एवं परोपकार का प्रेरणादायी आयोजन किया गया। संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष हरदेव शर्मा ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए संस्थान के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने राहगीरों, वाहन चालकों और जरूरतमंदों लोगों को शीतल शरबत और ठंडाई पिलाकर गर्मी से राहत पहुंचाई। साथ ही सबको बिस्कुट, मौसमी फल सहित अन्य खाद्य सामग्री का भी वितरण किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सेवा कार्य का लाभ उठाया और आशादीप संस्थान के इस सामाजिक पहल की अत्यंत सराहना की। हरदेव शर्मा ने बताया कि निर्जला एकादशी केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं बल्कि मानव सेवा और जरूरतमंदों की सहायता का भी संदेश देने वाला पर्व है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए ऐसे पवन पर्व पर प्रतिवर्ष सेवा कार्य आयोजित किए जाते हैं ताकि समाज में परोपकार और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ाया जा सके। इस कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ लोगों को शीतल पेय और खाद्य सामग्री वितरित की। सभी राहगीरों ने भीषण गर्मी के बीच इस सेवा को राहतभरा प्रयास बताते हुए संस्थान का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान के सदस्यों ने लोगों से जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और समाज के कमजोर वर्गों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान भी किया। यह कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने आशादीप संस्थान के इस सेवा कार्यों की बेहद प्रशंसा करते हुए इसे समाज सेवा के क्षेत्र में प्रेरणादायक पहल बताया।
3/related/default