नारायणपुर (प्रदीप जांगिड़): खेतों में काम करते समय होने वाले हादसे एक बार फिर सामने आए हैं। उपखंड क्षेत्र के ज्ञानपुरा गांव में शनिवार सुबह ट्यूबवेल की मोटर चालू करते समय करंट लगने से 50 वर्षीय किसान गजेंद्र सिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन उसे तुरंत नारायणपुर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर छा गई। ग्रामीणों ने बताया कि गजेंद्र सिंह राजपूत मिलनसार और मेहनती स्वभाव के थे।बासदयाल पुलिस ने बताया कि मृतक के चाचा श्याम सिंह राजपूत ने इस आशय कि रिपोर्ट दर्ज कराई कि गजेंद्र सिंह शनिवार सुबह करीब 7 बजे अपने खेत पर पशुओं के लिए चारा काटने गया था। चारा काटने के बाद उसने ट्यूबवेल की मोटर चालू करने का प्रयास किया। जैसे ही उसने स्टार्टर का स्विच ऑन किया, अचानक तेज करंट की चपेट में आ गया और जमीन पर गिर पड़ा। करंट इतना तेज था कि गजेंद्र सिंह कुछ समझ पाता, उससे पहले ही अचेत हो गया। बासदयाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक देवीसिंह शेखावत ज्ञानपुरा पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मृतक किसान के परिजनों को सरकारी योजनाओं के तहत हर संभव सहायता दिलाई जाए। साथ ही विद्युत विभाग को खेतों में लगे ट्यूबवेल कनेक्शनों की सुरक्षा ऑडिट करने के आदेश दिए।ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों में लगे कई ट्यूबवेल कनेक्शन पुराने हैं और स्टार्टर में अर्थिंग की व्यवस्था नहीं है। बरसात के मौसम में नमी के कारण करंट उतरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। लोगों ने मांग की कि बिजली विभाग हर खेत पर जाकर स्टार्टर, वायर और अर्थिंग की जांच करे और किसानों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करे।मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ज्ञानपुरा में करंट की चपेट में आये किसान की मौत, ट्यूबवेल चलाते समय हुआ हादसा
By -
June 20, 2026
0
Tags: