निवाई (लालचंद माली): राजस्थान शिक्षा सेवा परिषद ने पदोन्नत प्रधानाचार्यों की पदोन्नति तिथि अंकन का कार्य पूरा करने की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री के नाम जिला कलेक्टर टीना डाबी को ज्ञापन सौंपा है। जिलाध्यक्ष कुम्भाराम चौधरी ने बताया कि शिक्षा मंत्री द्वारा बार-बार दिए गए निर्देशों एवं शासन से जारी आदेशों के बावजूद सत्र 2015-16 से 2019- 20 तक पदौन्नत प्रधानाचार्यों की पदोन्नति तिथि अंकन कार्य आज तक निदेशालय माध्यमिक शिक्षा बीकानेर स्तर पर लंबित है। सत्र 2015-16 से 2019- 20 तक पदोन्नत हुए 1 हजार 410 प्रधानाध्यापक एवं 560 प्राध्यापक कुल 1970 प्रधानाचार्यों की पदोन्नति तिथि 1 अप्रैल 2017 का अंकन आदेश 07 दिसम्बर 2022 को जारी हो चुका है। जबकि वित्त विभाग द्वारा 03 मार्च 2015 को 4 हजार 999 प्रधानाचार्य पदों की स्वीकृति के स्पष्ट आदेश जारी होने के बावजूद लगभग 8 हजार पदोन्नत प्रधानाचार्य आज भी तिथि अंकन से वंचित हैं। जिससे प्रधानाचार्य वर्ग में गहरा असंतोष व्याप्त है। राज्य सरकार के वित्त विभाग द्वारा 5 मई 2026 को जारी परिपत्र एवं निदेशक माध्यमिक शिक्षा राजस्थान द्वारा 22 मई 2026 को जारी आदेशानुसार सभी विभागीय कार्मिकों के वेतन निर्धारणों की पुनः जांच की जानी है। तिथि अंकन के अभाव में प्रधानाचार्यों को भारी वित्तीय नुकसान की आशंका है। यदि आगामी 7 दिवस में तिथि अंकन कार्य पूरा नहीं किया गया, तो संगठन के प्रधानाचार्य 8 जून को शिक्षा निदेशालय बीकानेर पर एक दिवसीय धरना एवं घेराव करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर नवीन सत्र प्रारम्भ होने के प्रथम दिन से ही संगठन आमरण अनशन एवं धरना प्रदर्शन भी करेगा। ज्ञापन देने वालों में जिला महामंत्री निपुण सक्सेना, कृष्ण गोपाल शर्मा, विनोद शर्मा, उमा हाड़ा, राजाराम मीणा, किशन लाल मीणा, महेश दाधीच, चंद्रप्रकाश विजय, महेश शर्मा, सैयद आरिफ हसन, रामनारायण रैगर, कैलाश चन्द मीणा, प्रेमलता सिंह व भूपेंद्र सिंह सहित कई शिक्षक मौजूद थे।
पदोन्नति तिथि अंकन करने की मांग को लेकर प्रधानाचार्यों ने सौंपा ज्ञापन
By -
June 02, 2026
0
Tags: