भिवाड़ी (जयबीर सिंह): जिला अस्पताल भिवाड़ी में रविवार को जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने पांच वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाकर तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला अस्पताल परिसर में नवनिर्मित मदर लैब का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अरविंद गेट ने बताया कि जिले में 28, 29 एवं 30 जून तक पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान जिले के 1,69,723 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आरसीएचओ डॉ.सूआ लाल ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में 1,124 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। 29 एवं 30 जून को मेडिकल टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ पर नहीं पहुंच पाए। अभियान की निगरानी के लिए 135 सुपरवाइजर, 46 मोबाइल टीमें तथा 23 ट्रांजिट टीमें तैनात की गई हैं, ताकि जिले का कोई भी पांच वर्ष तक का बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। सीएमएचओ डॉ.अरविंद गेट ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी अभिभावक अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं तथा पोलियो मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। इस अवसर पर पीएमओ डॉ.सागर अरोड़ा, खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मनोज यादव, पल्स पोलियो प्रभारी डॉ.सुशीला मीणा, डॉ.कैलाश राजोरा, डॉ.इंद्रपाल यादव, डॉ.के.के. शर्मा सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला कलेक्टर ने बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का किया शुभारंभ
By -
June 28, 2026
0
Tags: