कोटपूतली (इशाक खान): निकटवर्ती ग्राम मोरदा में स्व.सुभाष रावत पीटीआई की पुण्यतिथि पर उनकी स्मृति में चतुर्थ कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में अतिथियों ने शिरकत कर द्वीप प्रज्वलन किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों का आयोजन समिति व ग्रामीणों द्वारा माला एवं साफा पहनाकर स्वागत व अभिनंदन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक हंसराज पटेल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं है। यह जीवन में अनुशासन, टीम भावना, निरंतर संघर्ष और कुशल नेतृत्व की क्षमता विकसित करते हैं। ग्रामीण अंचलों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय युवाओं को अपनी छिपी हुई प्रतिभा को निखारने का बेहतरीन मंच मिलता है। इससे समाज में खेलों के प्रति एक सकारात्मक और ऊर्जावान वातावरण का निर्माण होता है। पटेल ने स्व.सुभाष रावत को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी स्मृति में आयोजित होने वाली यह कबड्डी प्रतियोगिता क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने और अनुशासित रहने की प्रेरणा देती रहेगी। उद्घाटन मैच के दौरान दर्शकों का उत्साह चरम पर था। मुख्य अतिथि पटेल ने इस सफल और भव्य आयोजन के लिए आयोजन समिति, स्थानीय खेल प्रेमियों व ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जयपुर ग्रामीण सांसद प्रतिनिधि देवायुष सिंह ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर ऐसी खेल प्रतिभाओं को आगे लाना ही हमारा मुख्य उद्देश्य है। युवाओं को खेलों से जुड़कर ना केवल अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाना चाहिए, बल्कि राज्य और देश का नाम भी रोशन करना चाहिए। उन्होंने आयोजन समिति को इसके लिए बधाई दी और खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने का संदेश दिया। विशिष्ठ अतिथि भाजपा ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश महामंत्री एड.हीरालाल रावत ने कहा कि खेल को हमेशा खेल की भावना से ही खेला जाना चाहिए। खेल ना केवल हमारे शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि ये युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ संस्कृति का भी निर्माण करते हैं। हार-जीत जीवन का हिस्सा है, लेकिन मैदान पर दिखाया गया समर्पण और आपसी भाईचारा ही एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान होती है। विशिष्ठ अतिथि भाजपा नेता कर्मवीर बोकन, डॉ.धर्मपाल रावत, मालीराम कसाना, राजाराम गुर्जर गोलवा रहे। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 31 हजार रूपये एवं उपविजेता को 15 हजार का नकद ईनाम दिया जायेगा। कार्यक्रम में अतिथियों के द्वारा सुभाष पीटीआई को श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात अतिथियों ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। भाजपा ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेष महामंत्री एड. हीरालाल रावत ने अतिथियों के समक्ष गांव में सड़क निर्माण, खेल स्टेडियम, विद्यालय को पीएमश्री योजना में शामिल करवाने सहित अनेक मांगे रखी। अतिथियों का पूर्व सरपंच रामनिवास रावत, रामावतार रावत, लीलाराम रावत, सचिन रावत, सुमित रावत, रामप्रताप रावत ने साफा, माला व प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। अतिथियों ने जल्द से जल्द सड़क का निर्माण करवाने और विद्यालय को पीएमश्री योजना में सम्मिलित करवाने का आष्वासन दिया। एड. रामप्रताप रावत व अशोक रावत ने आभार प्रकट किया। संचालन भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेष मंत्री एड. सुबेसिंह मोरोड़िया ने किया। इस दौरान गोपाल मोरीजावाला, राजेंद्र आदाली, विकास जांगल, सुरेश रावत, रामसिंह मैनेजर, हवासिंह जांगल, रामफल रावत, लीलाराम मोरोड़िया, राजपाल रावत, सुभाष रावत, सुवालाल रावत, पवन रावत, सतवीर पीटीआई, मोरमुकुट पीटीआई, लालचंद पीटीआई सहित अनेक लोग मौजूद रहें।
खेलों से समाज में सकारात्मक और ऊर्जावान वातावरण का निर्माण होता है: पटेल
By -
June 13, 2026
0
Tags: