रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): रानीवाड़ा खुर्द निवासी एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके चचेरे भाई और चाचा को गिरफ्तार किया है। महिला ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपी पिछले कुछ समय से उसे परेशान कर रहे थे, गलत इशारे करते थे तथा उठा ले जाने की धमकी दे रहे थे। शिकायत मिलने पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, रानीवाड़ा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश देकर दिलीप पुत्र रतनाराम भील और रतनाराम पुत्र सम्मेलाराम भील को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। थानाधिकारी ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। दोनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की त्वरित कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया है।