समयबद्ध क्रियान्वयन और जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता, अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

AYUSH ANTIMA
By -
0

कोटपूतली (ईशाक खान जिला): कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं, विकास कार्यों, सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों तथा आमजन से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपखंड स्तर से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े। बैठक में जिला कलेक्टर ने विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की राज्य स्तरीय रैंकिंग एवं ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए तथा सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करें। ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को देखते हुए जिला कलेक्टर ने पेयजल, विद्युत एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्युत विभाग को आंधी-तूफान से प्रभावित विद्युत व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए आवश्यक सुधार एवं अपग्रेडेशन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो। बैठक में वर्ष 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 की लंबित बजट घोषणाओं की विभागवार समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की प्रगति में तेजी लाने तथा निर्धारित समयावधि में उन्हें पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही नीमराना-बहरोड़ क्षेत्र में संचालित महत्वपूर्ण परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही का विशेष ध्यान रखा जायें। बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सहकारिता, वन, राजस्व तथा स्वायत्त शासन विभाग से संबंधित बजट घोषणाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। चिकित्सा विभाग की विभिन्न बजट घोषणाओं की वस्तुस्थिति का सत्यापन करने के निर्देश भी दिये गये। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, टैंकर आपूर्ति की प्रभावी मॉनिटरिंग करने, जल जीवन मिशन के कार्य समय पर पूर्ण करने तथा समर कंटीजेंसी कार्यों में गति लाने के निर्देश दिये। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मौसमी बीमारियों की स्थिति एवं स्वास्थ्य प्रबंधन संबंधी तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। जिला कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं की सतत मॉनिटरिंग करते हुए आमजन को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया। बैठक में जनगणना कार्यों की समीक्षा करते हुए बीएसओ बाबूलाल बैरवा ने भवन गणना एवं अन्य गतिविधियों की प्रगति से अवगत कराया। जिला कलेक्टर ने सभी चार्ज अधिकारियों को जनगणना कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की समीक्षा के दौरान जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्रस्तुत की गई। जिला कलेक्टर ने अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिक प्रभावी ढं़ग से क्रियान्वित करने तथा जल संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता विकसित करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में जिला कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं और जनहितकारी कार्यक्रमों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम ओमप्रकाश सहारण, नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी रामवतार कुमावत, सीएमएचओ डॉ.आशीष सिंह शेखावत, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी रामनिवास यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!