पावटा: भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में पावटा निवासी जीएल यादव को प्रदेश कार्यक्रम क्रियान्वयन सहप्रभारी नियुक्त किए जाने पर क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर प्रागपुरा में आयोजित स्वागत समारोह में पावटा बार एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट रामनिवास यादव के नेतृत्व में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समारोह के दौरान जीएल यादव का माला, साफा एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मान-अभिनंदन किया गया। उपस्थित लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और कार्यशैली से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। सम्मान के दौरान जीएल यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही संगठन सर्वोपरि की भावना से कार्य करते हुए समाज के हर वर्ग को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर एडवोकेट रामनिवास यादव ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में स्वच्छ छवि, सकारात्मक सोच और जनसेवा की भावना रखने वाले लोगों को आगे बढ़ाना समाज के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब अच्छे और कर्मशील लोग नेतृत्व की भूमिका निभाते हैं तो समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत होते हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने विश्वास जताया कि जी एल यादव के नेतृत्व और सक्रिय भागीदारी से क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का संचार होगा। इस अवसर पर एमएस कार केयर संचालक महेश सूबे सिंह, पूर्व पंचायत समिति सदस्य हरिद्वारी लाल स्वामी, राजेंद्र यादव गुरुजी, हवलदार बूलाराम, हवलदार देवेंद्र, लोकेश कुमार, मोनू, मनोज सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा ओबीसी मोर्चा में बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर जीएल यादव का भव्य अभिनंदन
By -
June 03, 2026
0
Tags: