शिविरों की सफलता का पैमाना आमजन की संतुष्टि, हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: नवीन जैन

AYUSH ANTIMA
By -
0



झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिले के प्रभारी सचिव नवीन जैन ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को राहत एवं योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे ऐसा सकारात्मक माहौल बनाएं, जिससे आमजन सीधे शिविर में आकर अपने कार्य करवाने के लिए प्रेरित हों और उन्हें अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें। नवलगढ़ नगर पालिका में आयोजित शहरी सेवा शिविर के अवलोकन के दौरान प्रभारी सचिव ने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन की रसीद उपलब्ध कराई जाए तथा उसे आगे की कार्यवाही और कार्य पूर्ण होने की निश्चित तिथि की स्पष्ट जानकारी दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटे-छोटे कार्यों के लिए लोगों को उच्च कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी अपने स्तर पर निर्धारित समय सीमा एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यों का निस्तारण करें। इस दौरान उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था की भी जानकारी ली। बैठक में स्थानीय निकाय कर्मचारियों को संबोधित करते हुए नवीन जैन ने कहा कि शिविर तभी सार्थक माने जाएंगे जब लोग ऐसे कार्य भी करवा सकें जो लंबे समय से लंबित थे। उन्होंने कर्मचारियों से जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इसके बाद प्रभारी सचिव ने ग्राम पंचायत गोठड़ा में आयोजित ग्राम सेवा शिविर का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने लाभार्थियों को मूंग मिनिकिट, मृदा स्वास्थ्य कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरित किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की जिज्ञासाओं और समस्याओं का संपूर्ण समाधान किया जाए तथा योजनाओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रियाओं की जानकारी पंपलेट के माध्यम से व्यापक रूप से उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अधिक से अधिक जनसमस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुरुषोत्तम धानका, नवलगढ़ एसडीएम कुलदीप सिंह शेखावत, झुंझुनूं एसडीएम कौशल्या बिश्नोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके पश्चात प्रभारी सचिव ने नगर परिषद झुंझुनूं में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित किए तथा पात्र नागरिकों को पट्टों का वितरण किया। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के प्रभाव एवं क्रियान्वयन की जानकारी भी ली। इसके बाद नगर परिषद में आयोजित बैठक में कचरा संग्रहण अभियान की प्रगति तथा निराश्रित पशुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। दौरे के अंत में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डॉ.नवीन जैन ने सभी विभागों को राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में बैठने वाले कर्मचारियों को योजनाओं और उनकी प्रक्रियाओं की गहन जानकारी होनी चाहिए, ताकि आमजन को सही मार्गदर्शन और त्वरित समाधान मिल सके।
जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने कहा कि राज्य सरकार की मंशानुरूप प्रशासन का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक राहत और सुविधाएं पहुंचाना है तथा सभी अधिकारी इसी भावना के साथ कार्य करें।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!