बहरोड़: अखिल भारतीय साहित्य परिषद राजस्थान प्रदेश का नवम अधिवेशन 30 और 31 मई को कोटा स्थित राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय तलवंडी में आयोजित हुआ। संपर्क, संवाद व संगठनात्मक भूमिका के उद्देश्य से आयोजित प्रदेश अधिवेशन का उद्घाटन, समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा किया गया। अधिवेशन सात सत्रों में आयोजित हुआ, जिनमे प्रदेश भर से पधारे साहित्यकारों, लेखकों एवं श्रोताओं की उपस्थिति में लोक साहित्य, बाल साहित्य एवं युवा साहित्य लेखन पर गम्भीर चिंतन एवं मनन हुआ। अधिवेशन में राष्ट्रीय महामंत्री डॉ.पवन पुत्र बादल द्वारा आत्मबोध से विश्व बोध, ग्राम्य जीवन परम्परा, साहित्यिक मैपिंग, आदर्श इकाई, भाषा-बोली, भारतीय परंपरा के जीवंत मूल्य सहित अन्य साहित्यिक संवर्धन विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। रात्रिकालीन सत्र के अंतर्गत आयोजित काव्य गोष्ठी में विभिन्न स्थानों से आए कवियों ने संघ आधारित विषयों पर कविता, गीत, छंद आदि की प्रस्तुति से वातावरण को ओजमय एवं राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण कर दिया। नवीन सत्र में दायित्व घोषणा की गई। जिसमें डॉ.ओम प्रकाश भार्गव को प्रदेश संयुक्त मंत्री तथा रमाकान्त शर्मा को संभाग सह संयोजक मनोनीत किया गया, साथ ही कोटपूतली-बहरोड़ जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई। जिसमे जिला अध्यक्ष के रूप में धूड़ाराम पद्म, जिला महामंत्री डॉ.सविता गोस्वामी, कोषाध्यक्ष सुनील शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ.अशोक मिश्र, लोक साहित्य प्रमुख डॉ.सतवीर सिंह, सह लोक साहित्य प्रमुख गुरुदयाल भारती, बाल साहित्य प्रमुख संतोष भार्गव, युवा पाठक संवाद प्रमुख शिवम शर्मा ‘विशेष’, सह युवा संवाद प्रमुख राजेश बैराठी व प्रचार प्रमुख के रूप में धर्मपाल ‘धर्म’ को मनोनीत किया गया।
3/related/default