श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर (तोलाराम मारू): श्रीडूंगरगढ़ की एतिहासिक पुण्य धरा पर स्थित श्री पार्श्वनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर के जीर्णोद्धार महोत्सव के तहत विविध धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आयोजित किए गए। दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। महोत्सव का शुभारंभ सुबह 8:30 बजे स्नात्र पूजा एवं नवग्रह पूजन के साथ हुआ। इसके बाद सुबह 10 बजे श्री पार्श्व नाकोड़ा भैरव महापूजन का आयोजन किया गया। महापूजन में जैन समाज के महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की।
महापूजन को खरतरगच्छाचार्य जिनमणिप्रभसागर सूरीश्वर का पावन आशीर्वाद प्राप्त हुआ। वहीं सिरोही निवासी शासनरत्न मनोजकुमार बाबूमल हरण के प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। महापूजन के मुख्य लाभार्थी धर्मनिष्ठ निर्मल कुमार-संतोष देवी डागा परिवार रहे। पूजन मे विनोद कुमार भादानी व अशोक बेद भी सपत्नीक बेठे। धार्मिक अनुष्ठानों, मंत्रोच्चार और पूजा-विधि से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। कार्यक्रम के उपरांत सकल जैन समाज के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम में विधायक ताराचन्द सारस्वत, भवानी तावनिया, महेश राजोतिया, महावीर इंटरनेशनल के पूर्व सचिव तोलाराम मारू ने भी शिरकत की और कस्बे के लिए इसे दर्शनीय तीर्थस्थल बताया।
आयोजन की समस्त व्यवस्थाएं श्री ओसवाल पंचायत, श्रीडूंगरगढ़ की कार्यकारिणी द्वारा सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराई गईं। आयोजन को सफल बनाने में ओसवाल पंचायत अध्यक्ष विनोद भदाणी, मंत्री कान्ति कुमार पुगलिया, जीर्णोद्धार संयोजक अशोक कुमार बैद सहित समस्त कार्यकारिणी का विशेष योगदान रहा। जैन समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी कार्यकर्ता व वरिष्ठजन भी उपस्थित रहे। लाभार्थी परिवार का दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का लाईव प्रसारण पारस टीवी द्वारा किया गया। जब से विनोद कुमार भादानी व टीम की नई कार्यकारिणी का गठन हुआ है, तब से लगातार अनेक प्रकार के निर्माण कार्य हो चुके हैं तथा अब भी निर्माण कार्य चल रहा है।