सूरौठ/करौली (मोहन पाठक): गांव लीलोटी में आयोजित हुई रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता में रॉयल बीसीसी क्रिकेट क्लब सूरौठ की टीम चैंपियन रही है। प्रतियोगिता के फाइनल मैच में रॉयल बीसीसी क्रिकेट क्लब सूरौठ की टीम ने गढी पनवेडा टीम की टीम को 73 रन से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में विजेता एवं उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को शील्ड एवं पुरस्कार सामग्री भेंटकर सम्मानित किया गया। रॉयल बीसीसी क्रिकेट क्लब सूरौठ टीम के कोच राजेश मीणा एवं खिलाड़ी विवेक मीणा ने बताया कि फाइनल मैच में सूरौठ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 15 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 181 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में गढ़ी पनवेडा की टीम 15 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 108 रन ही बना सकी। इस तरह सूरौठ की टीम ने फाइनल मुकाबला 73 रन से जीत लिया। रॉयल बीसीसी क्रिकेट क्लब सूरौठ के ऑल राउंडर खिलाड़ी जीतू मीणा को मैन ऑफ़ द मैच का पुरस्कार दिया गया। जीतू मीणा ने 23 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलने के अलावा 3 ओवर में मात्र चार रन लेकर दो विकेट चटकाए। सूरौठ के गेंदबाज अखिल सूरज ने तीन ओवर में पांच रन देकर दो विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। रॉयल बीसीसी क्रिकेट क्लब सूरौठ टीम के कप्तान आशीष मीणा को प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। समापन कार्यक्रम में आयोजन कमेटी एवं अतिथियों ने विजेता टीम के कप्तान आशीष मीणा को 51000 रुपए की नगद पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी भेंटकर सम्मानित किया। इसी तरह उप विजेता टीम के कप्तान को 31000 रूपए की इनाम राशि एवं शील्ड भेंट कर पुरस्कृत किया गया।
3/related/default