बीकानेर (मुकेश रामावत): पीबीएम अस्पताल की बदहाल व्यवस्था और बॉर्डर क्षेत्र में धार्मिक स्थलों को प्रशासन द्वारा तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस मंगलवार को बीकानेर में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। कलेक्ट्रेट घेराव और जनसभा को सफल बनाने के लिए प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली खुद मोर्चा संभालेंगे। सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। डोटासरा और जूली के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। पार्टी ने इसे 'जन आंदोलन' का नाम दिया है।
1. पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाएं: दवाइयों की कमी, डॉक्टरों-अस्पताल स्टाफ की लापरवाही, मरीजों को हो रही परेशानी।
2. बॉर्डर क्षेत्र में कार्रवाई: प्रशासन द्वारा धार्मिक स्थलों को तोड़े जाने का विरोध।
3. सरकार पर हमला: भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हुंकार।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस जनआंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया है। पार्टी का दावा है कि मंगलवार का कलेक्ट्रेट घेराव और जनसभा ऐतिहासिक होगी। डोटासरा-जूली के दौरे और कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। कलेक्ट्रेट के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।