निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने वाले आधार ऑपरेटरों पर होगी कार्यवाही

AYUSH ANTIMA
By -
0

कोटपूतली (इशाक खान): भारतीय विशिष्ठ पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई), क्षेत्रीय कार्यालय, नई दिल्ली के अधिकारियों द्वारा जिले के समस्त आधार ऑपरेटरों एवं सुपरवाईजरों के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम ओमप्रकाश सहारण की अध्यक्षता में किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्यों में होने वाली त्रुटियों को कम करना, आधार सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करना, ऑपरेटरों की तकनीकी दक्षता बढ़ाना तथा नवीनतम सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी प्रदान करना रहा। प्रशिक्षण भारतीय विशिष्ठ पहचान प्राधिकरण, क्षेत्रीय कार्यालय नई दिल्ली के अधिकारी वेदप्रकाश ढ़ाका, केंद्रीय प्रबंधक यूआईडीएआई एवं निखिल जैन, प्रोजेक्ट मैनेजर यूआईडीएआई द्वारा प्रदान किया गया। इस दौरान सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान आधार ऑपरेटरों को आधार नामांकन, अपडेट प्रक्रिया, नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने, तकनीकी सावधानियों एवं सुरक्षा मानकों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ऑपरेटरों को आमजन के साथ विनम्र व्यवहार रखते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण आधार सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एडीएम ओमप्रकाश सहारण ने निर्देशित किया कि आधार केंद्रों पर आमजन से निर्धारित शुल्क ही लिया जाए। यदि किसी ऑपरेटर द्वारा निर्धारित शुल्क से अतिरिक्त राशि वसूलने की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी एवं असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने कहा कि आधार सेवाएं आमजन से सीधे जुड़ी हुई महत्वपूर्ण सेवाएं हैं, इसलिए इनमें पारदर्शिता, संवेदनशीलता और गुणवत्ता बनाए रखना आवश्यक है। सभी ऑपरेटर निर्धारित स्थान पर ही आधार केंद्र संचालित करें तथा नागरिकों को समयबद्ध एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराएं। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के संयुक्त निदेशक जफ्फार खान ने जिले के समस्त आधार ऑपरेटरों को निर्धारित शुल्क लेने, नियमों का पालन करने एवं आधार केंद्रों का संचालन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधार सेवाओं में पारदर्शिता एवं नागरिक सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!