शिक्षा विभूषण सम्मान से सम्मानित हुए तारानगर के समाजसेवी ताराचंद गोयल

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर/तारानगर (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चूरू जिले के तारानगर निवासी प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी ताराचंद गोयल को सोमवार को जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2026 में राज्य के प्रतिष्ठित "शिक्षा विभूषण सम्मान" से अलंकृत किया गया। यह सम्मान राजस्थान के उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर तथा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों राजेश यादव (आईएएस), सीताराम जाट (आईएएस), रश्मि शर्मा (आईएएस) एवं महेंद्र खींची (आईएएस) द्वारा प्रदान किया गया। समारोह के दौरान ताराचंद गोयल के शिक्षा के क्षेत्र में किए गए बहुमूल्य योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा के विकास, विद्यालयों में आधारभूत एवं आधुनिक सुविधाओं के विस्तार तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों का प्रेरणास्रोत बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के प्रति समर्पण, शिक्षा के उत्थान के लिए उनकी सोच तथा जनहित के कार्य उन्हें अन्य समाजसेवियों से अलग पहचान दिलाते हैं। ताराचंद गोयल ने अपनी जन्मभूमि तारानगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनेक राजकीय विद्यालयों के भवन निर्माण, कक्षाओं के विकास, शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया है। इसके अतिरिक्त वे गौसेवा, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों तथा जनहित की विभिन्न योजनाओं में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। समाज के सर्वांगीण विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर ताराचंद गोयल के साथ उनकी धर्मपत्नी विम्मी गोयल, पुत्र अविनाश गोयल तथा पुत्रवधू गुंजन गोयल भी उपस्थित रहे। सम्मान समारोह में परिवार के सदस्यों ने इस उपलब्धि को समाजसेवा एवं शिक्षा के प्रति उनके वर्षों के समर्पण का परिणाम बताया।
तारानगर शिक्षा विभाग की ओर से डॉ.अशोक जांगिड़, प्रधानाचार्य, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम), नवीन तारानगर ने समारोह में सहभागिता करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि ताराचंद गोयल जैसे भामाशाहों के सहयोग से सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आधुनिक संसाधनों का विस्तार संभव हो रहा है, जिसका लाभ हजारों विद्यार्थियों को मिल रहा है। समारोह में उपस्थित शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने ताराचंद गोयल के योगदान की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में प्रेरणादायी व्यक्तित्व बताया। ताराचंद गोयल को "शिक्षा विभूषण सम्मान" मिलने से पूरे तारानगर, चूरू जिले तथा शिक्षा जगत में हर्ष और गौरव का वातावरण है। विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं व्यापारिक संगठनों ने इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान और प्रेरणा का विषय बताया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!