पद्मश्री संत श्री बैजनाथ जी महाराज को गोयनका शिक्षा एवं शोध संस्थान ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

AYUSH ANTIMA
By -
0


लक्ष्मणगढ (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): श्री श्रद्धानाथ जी आश्रम के पीठाधीश्वर पद्मश्री संत श्री बैजनाथ जी महाराज के ब्रह्मलीन होने पर गोयनका शिक्षा एवं शोध संस्थान लक्ष्मणगढ़ द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्री शिलजति आश्रम भोजासर बडा के पीठाधीश्वर संत श्री शिवराज जति महाराज के सान्निध्य में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में संस्थान परिवार के सदस्यों ने गहन शोक व्यक्त करते हुए महाराज श्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा संकीर्तन के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभा को संबोधित करते हुए संत श्री शिवराज जति जी महाराज ने पद्मश्री पूज्य संत बैजनाथ जी महाराज के आध्यात्मिक, शैक्षिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में दिए गए अमूल्य योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि महाराज श्री ने अपने जीवन को समाज सेवा, मानव कल्याण एवं आध्यात्मिक जागरण के लिए समर्पित किया। उनके आदर्श, विचार एवं कार्य सदैव समाज को प्रेरणा देते रहेंगे।श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित जनों ने महाराज श्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूरे वातावरण में श्रद्धा, भक्ति एवं भावुकता का माहौल बना रहा तथा सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत संत के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर गोयनका संस्थान, लक्ष्मणगढ़ की सभी इकाइयों के संस्था प्रधान, स्टाफ सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में महाराज श्री के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!