झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों की श्रृंखला में शुक्रवार को पंचायत समिति चिड़ावा की ग्राम पंचायत किशोरपुरा में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र भांबू ने विभिन्न विभागों की ओर से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। इस अवसर पर विधायक भांबू ने दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया, साथ ही पात्र लाभार्थियों को आवासीय पट्टों का वितरण कर उन्हें स्वामित्व का अधिकार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को राहत पहुंचाने एवं सरकारी सेवाओं का लाभ गांव स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन कर रही है। इन शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र व्यक्तियों के आवेदन प्राप्त कर मौके पर ही निस्तारण किया गया। ग्रामीणों ने भी शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया। उपखंड अधिकारी नरेश सोनी ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विकास अधिकारी अनीषा बिजारणियां ने शिविर में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न योजनाओं के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जा रहा है। इस दौरान ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
3/related/default