निवाई (लालचंद माली): क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर बरती जा रही लापरवाही आमजन के लिए भारी परेशानी का सबब बनती जा रही है। शहर की इन्दिरा विस्तार कॉलोनी में करीब एक महीना पहले नाली निर्माण कार्य की शुरुआत करने के लिए ठेकेदार द्वारा एक नवनिर्मित सीसी रोड़ को बीच से तोड़ दिया गया था। विडंबना यह है कि जिस सडक़ को लोगों की सुविधा के लिए कुछ समय पहले ही नया बनाया गया था, उसे नाली निर्माण के नाम पर क्षतिग्रस्त कर दिया गया और काम को अधूरा ही छोड़ दिया गया। इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण कॉलोनी का मुख्य रास्ता बाधित हो गया है, जिससे यहां रहने वाले नागरिकों को रोजाना भारी दिक्कतों और मानसिक संताप से गुजरना पड़ रहा है। कॉलोनी वासियों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा सडक़ तोड़े जाने के बाद एक महीना बीत चुका है, लेकिन आज तक इस समस्या की सुध लेने कोई नहीं आया। आधी-अधूरी टूटी सडक़ व अधूरे नाली निर्माण के कारण आए दिन राहगीरों व दुपहिया वाहन चालकों के चोटिल होने का अंदेशा बना रहता है। इस लंबी अवधि के बाद भी सडक़ को वापस दुरुस्त नहीं किए जाने से कॉलोनी वासियों में ठेकेदार के खिलाफ गहरा रोष व्याप्त है। कॉलोनी वासियों ने प्रशासन एवं उच्चाधिकारियों से जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र इस नाली निर्माण कार्य को पूरा करवाने एवं तोड़ी गई सीसी रोड़ की तत्काल मरम्मत करवाने की मांग की है। ताकि कॉलोनी का आवागमन पूरी तरह सुचारू हो सके और लोगों को इस रोज-रोज की परेशानी से निजात मिल सके।
3/related/default