कोटपूतली (ईशाक खान): विधायक हंसराज पटेल एवं एडीएम ओमप्रकाश सहारण ने नगर परिषद परिसर कोटपूतली में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का अवलोकन किया तथा वहां कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदनों के निस्तारण, जनसुनवाई एवं विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जायें। विधायक हंसराज पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं समर्पण भाव के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचना चाहियें। उन्होंने शिविर में उपस्थित आमजन से संवाद कर फीडबैक भी लिया तथा कहा कि सरकार की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे सेवा शिविर आमजन और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करते हुए जनसमस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान विधायक पटेल एवं एडीएम ने शिविर में पहुंचे नागरिकों की समस्यायें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये। एडीएम ओमप्रकाश सहारण ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आयोजित सेवा शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सुगम, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस दौरान नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा, सचिव अभिषेक सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
सेवा शिविरों से आमजन को मिल रहा त्वरित समाधान, सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य: पटेल
By -
June 16, 2026
0
Tags: